प्रशासन के आश्वासन के बाद 25 दिनों से जारी धरना और आमरण अनशन समाप्त
चेक माफिया और ब्याजखोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए 20 दिन का मिला समय; डीवाईएसपी मीनाक्षी, आयकर अधिकारी अमित के भरोसे पर माने आंदोलनकारी

हनुमानगढ़। मदनलाल पण्डितांवाली क्षेत्र में चेक माफिया और अवैध ब्याजखोरों के आतंक के खिलाफ पिछले 25 दिनों से चल रहा पीड़ितों का अनवरत धरना और 5 दिनों से जारी आमरण अनशन आखिरकार प्रशासन के दखल के बाद समाप्त हो गया है।मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष अपनी मांगों और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई को लेकर लंबे समय से संघर्षरत्त थे। आंदोलन उग्र होने और अनशनकारियों का स्वास्थ्य बिगड़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। वहीं प्रशासन की ओर से मोर्चा संभालते हुए उप पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी एवं आयकर विभाग से अमित गोयल ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि चेक माफिया और ब्याजखोरों के खिलाफ दर्ज मामलों में अगले 20 दिनों के भीतर ठोस और मजबूत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उपपुलिस अधीक्षक मीनाक्षी द्वारा दिए गए इस मजबूत आश्वासन के बाद सभी प्रार्थीगणो और आंदोलनकारी सहमत हो गए। संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि वे प्रशासन की बात और तय समय सीमा का सम्मान करते हुए फिलहाल अपना धरना और आमरण अनशन स्थगित कर रहे हैं।इस दौरान मुख्य रूप से इकबाल बावरा, मोहनलाल,श्योपतराम,दयालाराम, देवीलाल मेहरड़ा, दलिप बसेर, महेन्द्र कुमार, इन्द्राज ,सुमेर सिंह आरटीआई कार्यकर्ता, बबलू सोनी पृथ्वीराज , बलकार सिंह, केसराराम,सहित बड़ी संख्या में पीड़ित और स्थानीय लोग मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 दिनों में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे दोबारा उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।



