महेंद्र शर्मा बने न्यू जर्नलिस्ट एसोसिएशन राष्ट्रीय के प्रदेश आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी

श्रीगंगानगर। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय युवा पत्रकार महेंद्र शर्मा को न्यू जर्नलिस्ट एसोसिएशन (राष्ट्रीय) की ओर से राजस्थान प्रदेश का आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर पत्रकार जगत से जुड़े लोगों और संगठन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
न्यू जर्नलिस्ट एसोसिएशन (राष्ट्रीय) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव थते एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार खत्री सहित संगठन के पदाधिकारियों ने महेंद्र शर्मा के मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महेंद्र शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए पत्रकारों के हितों और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों के साथ होने वाली ज्यादती, धमकी और हमले जैसी घटनाओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है।
हाल ही में हनुमानगढ़ में शराब माफियाओं द्वारा पत्रकारों को कथित रूप से धमकी दिए जाने का मामला हो या लालगढ़ में कुछ समय पूर्व पत्रकारों पर हुए हमले की घटना, महेंद्र शर्मा ने इन मामलों को गंभीरता से उठाते हुए पत्रकारों के हित में आवाज उठाई। उनका मानना रहा है कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज के सामने सच्चाई रखने का कार्य करते हैं, इसलिए पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
पत्रकार हितों के लिए उनकी सक्रियता और संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इस पद के माध्यम से वे संगठन की गतिविधियों, पत्रकार हितों से जुड़े अभियानों और कार्यक्रमों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने में भूमिका निभाएंगे।
संगठन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि महेंद्र शर्मा अपनी सक्रिय कार्यशैली, पत्रकारिता के अनुभव और डिजिटल मीडिया की समझ का उपयोग करते हुए संगठन को प्रदेश में और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अपने मनोनयन पर महेंद्र शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव थते एवं प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार खत्री सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
महेन्द्र शर्मा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है, अपनी संस्कृति और भाषा को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया पर “बागड़ी बातां” नाम का चैनल भी चलाते हैं। जिससे स्थानीय भाषा को और ज्यादा पहचान मिल सके।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पत्रकारों और संगठनों की आवाज को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे में उनकी प्राथमिकता रहेगी कि न्यू जर्नलिस्ट एसोसिएशन (राष्ट्रीय) की गतिविधियों एवं पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आमजन और पत्रकार समाज तक पहुंचाया जाए।
महेंद्र शर्मा के मनोनयन पर श्रीगंगानगर सहित राजस्थान के पत्रकारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।



