*ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत टिब्बी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28.71 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) सहित एक आरोपी गिरफ्तार*

हनुमानगढ़, 29 जुलाई 2026। जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ बी. आदित्य, आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध की जा रही प्रभावी कार्रवाई के क्रम में पुलिस थाना टिब्बी ने 28.71 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) सहित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने तथा नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी संगरिया के निकटतम सुपरविजन तथा थानाधिकारी पुलिस थाना टिब्बी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी जनाब अली पुत्र मोहम्मद उमर खोखर, निवासी वार्ड संख्या 09, टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ (उम्र 26 वर्ष) के कब्जे से 28.71 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना टिब्बी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण संख्या 347/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट का एक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कार्मिक
सउनि प्रभात सिंह
हैड कांस्टेबल हरलाल (2078)
कांस्टेबल श्रवण कुमार (279)
कांस्टेबल पंकज कुमार (1045)
हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है तथा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस आमजन से अपील करती है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।



