ग्रीष्मकालीन अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के आठ नमूने लिए, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स व बिस्कुट नष्ट करवाए

हनुमानगढ़। राज्य सरकार एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, राजस्थान जयपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप ग्रीष्म ऋतु में दूषित एवं रसायनयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लगातार नमूनीकरण एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर कुल आठ खाद्य नमूने संग्रहित किए। इनमें संगरिया स्थित श्रीनाथ आईसक्रीम से आईसक्रीम, श्री सांवरिया आईसक्रीम से आईसक्रीम एवं रबड़ी कुल्फी, संजय ट्रेडिंग कम्पनी से नमकीन ‘सब कुछ नवरत्न मिक्स ‘, हनुमानगढ़ टाउन स्थित गणेश ट्रेडिंग कम्पनी से लाल मिर्च पाउडर (हमदर्द खालिस ब्राण्ड), श्री बालाजी ट्रेडिंग कम्पनी से नमकीन शाही मिक्सर (बीकानो ब्राण्ड), एस.आर.एस. इंटरप्राइजेज से खट्टा-मीठा नमकीन मिक्सर (डायमंड ब्राण्ड) तथा जगनाथ/मोहनलाल प्रतिष्ठान से बटर स्कॉच क्रश (नव्या ब्राण्ड) के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बालाजी वेजिटेबल फ्रूट मार्ट पर 46 लीटर/किलोग्राम कोल्ड ड्रिंक्स एवं बिस्कुट निर्धारित अवधि (एक्सपायरी डेट) पार पाए गए। खाद्य सुरक्षा टीम ने उक्त खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाते हुए खाद्य कारोबारकर्ता को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, सुदेश कुमार गर्ग, हीरावल्लभ, सहायक कर्मचारी रणवीर (होमगार्ड) तथा वाहन चालक गुरशरण सिंह उपस्थित रहे।



