विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वास्थ्य भवन में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

हनुमानगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में स्वास्थ्य भवन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, माणकसर स्थित बंसल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के स्टॉफ एवं छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ वृक्षों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक पौधा न केवल वातावरण को शुद्ध करता है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए बेहतर एवं स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य भवन परिसर में विभिन्न पौधे लगाए गए। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा हरित वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विश्व पर्यावरण दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बंसल कॉलेज ऑफ नर्सिंग से प्रिंसीपल डॉ. रेवंत, वाइस प्रिंसीपल श्रीमती नवकिरणदीप, असिस्टेंट प्रो. रतन यादव सहित 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने गड्ढे किए एवं पौधारोपण किया।



