महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने किया जागरूकता कार्यक्रम

हनुमानगढ़, 02 जुलाई 2026 । जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, हनुमानगढ़ द्वारा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हनुमानगढ़ में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों, सुरक्षा उपायों एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतिभागियों को राजकॉप सिटीजन (RajCop Citizen) ऐप डाउनलोड करवाकर उसके माध्यम से शिकायत दर्ज करने, पुलिस सहायता प्राप्त करने तथा अन्य सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम द्वारा बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए, ताकि वे विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।



