शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी
– बिंझबायला और सूरतगढ़ में विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

श्रीगंगानगर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम एवं आमजन को शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीमों ने शनिवार को अलग अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी नित्या शर्मा, मंजूबाला एवं कंवरपाल सिंह ने जिला मुख्यालय पर गौशाल मार्ग स्थित लालवाश बेकरी से खाद्य तेल (यूज्ड कुकिंग ऑयल) का सैंपल, लालगढ़ के कंसल प्रोविजनल स्टोर से भुजिया व गुड़ के और सोखल वैरायटी स्टोर से सुरभि फ्रेश तेल व अंबिका गोल्ड पैक्ड मैदा के सैंपल लिए। वहीं बिंझबायला में मुख्य बाजार स्थित चौधरी डेयरी से गाय के दूध तथा दीपक ट्रेडिंग कंपनी से मिर्च पाउडर का नमूना लिया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज गोदारा एवं उर्मिला भादू ने की। इसी क्रम में एफएसओ हेतराम खुड़िया ने सूरतगढ़ स्थित गुरु कृपा ऑयल एंटरप्राइजेज से मूंगफली के तेल (तर्पण ब्रांड) एवं खुले सरसों के तेल का सैंपल लिया। लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेना नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। नमूना लेने मात्र से खाद्य सामग्री को मिलावटी या अमानक नहीं माना जाता। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। आमजन से अपील है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकिंग एवं एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। खाद्य पदार्थों में मिलावट या अनियमितता की शिकायत विभागीय व्हाट्सएप नंबर 9351504313 पर भेज सकते हैं।



