*भादरा : 50 किलो दूषित मिठाइयां नष्ट करवाई, 6 सैम्पल भरे*

हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा बाजार, मिठाई की दुकान, किराना प्रतिष्ठान एवं खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को भादरा में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने मै. श्री श्याम मावा मिष्ठान भंडार नेठराना से घी एवं बेसन लड्डू, मै. शिव गोरख मिष्ठान भंडार से मावा, मै. जगदम्बा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई एवं बेसन लड्डू, मै. श्री श्याम एंटरप्राइजेज से चना दाल के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने भादरा में संचालित मैसर्स जगदम्बा जोधपुर मिष्ठान भंडार से खराब हो चुके लड्डू मिठाई, जलेबी, सैंडविच, गुलाबजामुन एवं रसगुल्ला (लगभग 50 किलो) नष्ट करवाएं। दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अर्चना यादव एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह उपस्थित रहे।



