*पीलीबंगा में 286 लीटर गाय का घी सीज, गौकृष ब्रांड के घी का लिया सैंपल, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा*

हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 नवंबर को खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा में कार्रवाई करते हुए छाबड़ा एजेंसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर उपलब्ध गौकृष ब्रांड के गाय के घी की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से कुल 286 लीटर घी सीज किया तथा घी का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भिजवाया। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।



